पूर्णिया जिले के केनगर थाना क्षेत्र में 14 अगस्त की रात हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर गठित एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया है।
घटना रिकाबगंज स्थित पुल के पास हुई थी। पुलिस के अनुसार, चार अज्ञात बदमाशों ने बाइक से जा रहे एक व्यक्ति को घेरकर देसी पिस्टल के बल पर उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और 1,800 रुपये नकद लूट लिए थे। मामले में कांड संख्या 256/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और तकनीकी शाखा के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर तीन किशोरों को निरुद्ध किया गया।
पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई बाइक, वारदात में इस्तेमाल की गई एक अन्य मोटरसाइकिल, एक देसी पिस्टल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस दूसरी बाइक की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल चौथे आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। साथ ही लूटे गए सामान को ठिकाने लगाने की संभावित योजना के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
@MUSKAN KUMARI





