रामनगर (पश्चिम चंपारण): पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर थाना क्षेत्र स्थित सोनखर चौक पर मंगलवार को एक इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम में अचानक आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना के समय शोरूम बंद था और बाहर से शटर पर ताला लगा हुआ था, जिसके कारण अंदर रखी स्कूटियों और बैटरियों को बचाया नहीं जा सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पड़ोसी दुकानदारों ने शोरूम से धुआं निकलते देखा। इसके बाद उन्होंने शटर तोड़कर अंदर देखा तो कई स्कूटियां आग की चपेट में थीं। सूचना मिलते ही शोरूम मालिक, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

हालांकि तब तक शोरूम में रखी पांच इलेक्ट्रिक स्कूटियां और करीब आधा दर्जन लिथियम बैटरियां पूरी तरह जल चुकी थीं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस अग्निकांड में पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की दुकानों को भी भारी नुकसान हो सकता था।
@MUSKAN KUMARI






