पटना: राजधानी पटना के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। नगर निगम के सफाई कर्मियों की पिछले आठ दिनों से जारी हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा और सफाई कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई निर्णायक वार्ता के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी, जिसके बाद सफाई कर्मियों ने हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने का ऐलान कर दिया।
आठ दिनों तक चली हड़ताल के कारण राजधानी की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी। शहर की सड़कों, गलियों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में कूड़े का अंबार लग गया था। लगातार हो रही बारिश से हालात और बिगड़ गए थे। गीले कचरे से उठ रही दुर्गंध, जलजमाव और फैली गंदगी के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई क्षेत्रों में संक्रमण फैलने की आशंका भी जताई जा रही थी।
बिगड़ते हालात और बढ़ते जनदबाव को देखते हुए सरकार ने हस्तक्षेप किया। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने सफाई कर्मियों के प्रतिनिधियों के साथ लंबी वार्ता की। बातचीत के दौरान उनकी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई और समाधान का रास्ता निकला। सहमति बनने के बाद सफाई कर्मियों ने अपना आंदोलन वापस लेने और तत्काल काम पर लौटने की घोषणा कर दी।

हड़ताल खत्म होने के साथ ही पटना नगर निगम ने पूरे शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। निगम की टीमें उन इलाकों को प्राथमिकता देंगी, जहां पिछले आठ दिनों में सबसे अधिक कचरा जमा हुआ है। सड़कों, बाजारों और मोहल्लों में युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाकर जल्द से जल्द व्यवस्था सामान्य करने का लक्ष्य रखा गया है।
सरकार का कहना है कि सफाई व्यवस्था जल्द ही पूरी तरह पटरी पर लौट आएगी और लोगों को गंदगी, दुर्गंध तथा जलजमाव जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। सरकार और सफाई कर्मियों के बीच बनी सहमति को लंबे समय से चले आ रहे विवाद के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
@MUSKAN KUMARI





