राजधानी पटना में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पटना के बहादुरपुर थाना से मोबाइल छिनतई का एक आरोपित पुलिस हिरासत से फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपित हथकड़ी समेत थाने से भाग निकला और पुलिसकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने शुक्रवार को मोबाइल छिनतई के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया था। देर रात आरोपित ने शौच जाने की बात कही, जिसके बाद पुलिसकर्मी उसे बाहर लेकर गए। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और मौके से फरार हो गया।
आरोपित के भागने की सूचना मिलते ही थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस की कई टीमें पूरी रात उसकी तलाश में जुटी रहीं और विभिन्न इलाकों में छापेमारी की गई, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

इस घटना ने पटना पुलिस की कार्यशैली और थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हथकड़ी लगे आरोपित का पुलिस हिरासत से फरार होना सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है।
बहादुरपुर थानाध्यक्ष ने भी आरोपित के फरार होने की पुष्टि की है। घटना के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है। वहीं स्थानीय लोगों ने इस मामले को पुलिस की गंभीर लापरवाही बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपित की तलाश में जुटी हुई है।
@MUSKAN KUMARI






