पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र से 50 वर्षीय कारोबारी के लापता होने का मामला सामने आया है। रामकृष्णा नगर रोड नंबर-11 में ‘शीतल इलेक्ट्रॉनिक्स’ नाम से दुकान चलाने वाले निरंजन शर्मा उर्फ पिंटू 15 अगस्त की सुबह घर से दुकान जाने के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है।
निरंजन शर्मा मूल रूप से जहानाबाद जिले के शकुराबाद थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में पटना के कुम्हरार स्थित चौधरी टोला में रहते हैं। उनके बेटे सुमित रंजन ने कंकड़बाग थाने में गुमशुदगी का आवेदन दिया है।
परिजनों के मुताबिक, निरंजन शर्मा 15 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे घर से दुकान खोलने के लिए निकले थे। शाम करीब 4 बजे उनका छोटा बेटा आदित्य राज दुकान पहुंचा तो दुकान बंद मिली और बाहर ताला लगा था। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
परिजनों ने जब दुकान का ताला खुलवाकर अंदर जांच की तो काउंटर का गल्ला खुला मिला और उसमें रखे पैसे गायब थे। इसके बाद रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर भी तलाश की गई, लेकिन कारोबारी का कोई पता नहीं चला।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। कंकड़बाग थाना पुलिस ने परिजनों के आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और लापता कारोबारी के बारे में जानकारी जुटा रही है।
@MUSKAN KUMARI





