अरवल जिले के मेहंदिया थाना क्षेत्र के उसरी गांव के लिए रविवार का दिन बेहद मनहूस साबित हुआ। अपने चाचा को पटना के अस्पताल से घर लाने निकले दो चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। पालीगंज थाना क्षेत्र के मसौढ़ा स्थित सोन नहर के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।
हादसे में सिंधु कुमार और रंजीत कुमार की जान चली गई। बताया जा रहा है कि दोनों अपने चाचा को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पटना से घर लाने के लिए कार से निकले थे। इसी दौरान मसौढ़ा के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर सोन नहर में गिर गई। कार के शीशे बंद होने के कारण दोनों युवक अंदर ही फंस गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों के मुताबिक, हादसे के बाद सिंधु कुमार ने किसी तरह घर फोन कर दुर्घटना की जानकारी दी और मदद की गुहार लगाई। हालांकि, कुछ देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की जान जा चुकी थी।
सिंधु और रंजीत रिश्ते में चचेरे भाई थे और बचपन से ही बेहद करीबी थे। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों हमेशा साथ-साथ रहते थे और गांव में उनकी दोस्ती की मिसाल दी जाती थी।
दोनों युवक अपने माता-पिता के बुढ़ापे का सहारा थे। उनकी अचानक मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
@MUSKAN KUMARI





