पटना में BPSC TRE-4 समेत विभिन्न सरकारी भर्तियों और परीक्षा सुधारों की मांग को लेकर मंगलवार को हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास और राजभवन की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। अलग-अलग समूहों में बंटे छात्र कई स्थानों पर बैरिकेडिंग पार करने में सफल रहे, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव और झड़प की स्थिति बन गई।
प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने कई रास्तों पर बांस-बल्ली और बैरिकेडिंग लगाई। सड़कों पर बख्तरबंद गाड़ियों की भी तैनाती की गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों के जरिए मौके से हटाया गया।

इस प्रदर्शन के दौरान एक अनोखा दृश्य भी देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लिए कुछ छात्रों ने वाटर कैनन की तेज बौछार के बीच शैम्पू लगाकर स्नान करना शुरू कर दिया और इस तरह पुलिस कार्रवाई का अनोखे अंदाज में विरोध किया।
गर्दनीबाग में छात्र 18 अगस्त से धरने पर बैठे हैं। ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन (ABSU) के छात्र नेता अमन गुट के नेतृत्व में निकले मार्च को रोकने के लिए जेपी गोलंबर पर भारी संख्या में पुलिस और CRPF के जवान तैनात किए गए थे। छात्रों ने जेपी गोलंबर की बैरिकेडिंग तोड़कर डाकबंगला की ओर बढ़ने की कोशिश की।

गांधी मैदान से लेकर इनकम टैक्स गोलंबर तक कई जगहों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी देखने को मिली। भीषण गर्मी और उमस के कारण कुछ छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। कुछ पुलिसकर्मियों, खासकर महिला पुलिसकर्मियों की भी तबीयत खराब होने की सूचना है।
प्रदर्शन के कारण पटना का यातायात भी बुरी तरह प्रभावित रहा। पटना जंक्शन, गांधी मैदान, फ्रेजर रोड, बुद्ध मार्ग, बेली रोड, इनकम टैक्स और डाकबंगला चौराहा समेत कई इलाकों में घंटों तक जाम लगा रहा, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
@MUSKAN KUMARI






