पटना के गर्दनीबाग में BPSC TRE-4 समेत विभिन्न सरकारी भर्तियों की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। 18 अगस्त से धरने पर बैठे छात्रों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए मार्च निकाला। ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन (ABSU) के छात्र नेता अमन गुट के नेतृत्व में निकले प्रदर्शन को रोकने के लिए जेपी गोलंबर पर भारी संख्या में पुलिस बल और CRPF की तैनाती की गई।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने जेपी गोलंबर पर लगाए गए बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और डाकबंगला की ओर बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तनातनी की स्थिति बनी रही। गांधी मैदान से लेकर इनकम टैक्स गोलंबर तक कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच भिड़ंत की सूचना है। छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया।

छात्रों की प्रमुख मांगों में BPSC TRE-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा की प्रक्रिया को सरल और स्पष्ट करना शामिल है। प्रदर्शनकारी एक ही परीक्षा के जरिए PT और Mains की प्रक्रिया पूरी करने, नेगेटिव मार्किंग समाप्त करने और बिहार की सरकारी भर्तियों में 100 प्रतिशत डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग कर रहे हैं।
इसके अलावा BSSC से संविदा कर्मचारियों को मिलने वाला वेटेज खत्म करने, BSSC CGL-4, BSO और A EDO परीक्षाओं की तारीख जल्द घोषित करने की भी मांग उठाई गई है। छात्र लाइब्रेरियन और BET भर्ती शुरू करने, विभिन्न विभागों के रिक्त पदों पर जल्द नियुक्तियां करने और उम्र सीमा में छूट देने की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारी दरोगा, सिपाही, BSSC और BPSC समेत सभी भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल छात्र डाकबंगला की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि पुलिस और CRPF उन्हें आगे बढ़ने से रोक रही है। आंदोलन के चलते पटना के कई प्रमुख इलाकों में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
@MUSKAN KUMARI





