पटना: विभिन्न छात्र एवं जनहित के मुद्दों को लेकर मंगलवार को राजधानी पटना के आयकर (इनकम टैक्स) गोलंबर पर कांग्रेस, NSUI और जन अधिकार पार्टी (जाप) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में जाप सुप्रीमो पप्पू यादव समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए। प्रदर्शनकारी सीवान में गोली लगने से घायल छात्र के परिजनों को मुआवजा, नई शिक्षा नीति में बदलाव और अन्य छात्र हितों से जुड़ी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले थे।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने आगे बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। इसी बीच कोतवाली थाना पुलिस ने बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम को हिरासत (डिटेन) में ले लिया। बाद में उन्हें कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीआर बॉन्ड पर रिहा कर दिया गया।
राजेश राम को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार उनसे मिलने पहुंचे। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वालों पर कार्रवाई उचित नहीं है।

इसके बाद कन्हैया कुमार ने बिहार सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए सीवान गोलीकांड के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि घायल छात्र को उचित मुआवजा दिया जाए, शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया जाए और छात्र-युवाओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। इस प्रदर्शन के बाद राजधानी की राजनीति में बयानबाजी और तेज हो गई है।
@MUSKAN KUMARI






