पटना: राजधानी पटना से सटे बाढ़ थाना क्षेत्र के कोन्दी स्टैंड में रविवार को हुई अंधाधुंध फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना में बेढना पूर्वी पंचायत के मुखिया राजकुमार के 15 वर्षीय पुत्र साहिल कुमार और उनके भाई 25 वर्षीय पुरुषोत्तम कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
पीड़ित मुखिया राजकुमार ने गांव के ही शिक्षक राकेश कुमार, उसके भाई राजेश कुमार उर्फ मटरू और भुल्लू यादव पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में कहा कि आगामी पंचायत चुनाव को लेकर चली आ रही राजनीतिक रंजिश और पुरानी दुश्मनी के कारण उनके परिवार को निशाना बनाया गया।
परिजनों के अनुसार, साहिल कुमार बिहारशरीफ के एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र है और गर्मी की छुट्टियों में घर आया हुआ था। रविवार को बाजार से लौटते समय वह कोन्दी स्टैंड के पास रुका, जहां कुछ लोग कथित तौर पर अवैध जुआ खेल रहे थे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

गोलीबारी में साहिल कुमार और उनके चाचा पुरुषोत्तम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खोखे बरामद किए। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और मामले की जांच में जुट गई है।
@MUSKAN KUMARI





