पटना के बांस घाट पर शुरू हुआ हाईटेक मोक्षधाम, एक साथ 18 अंत्येष्टि की सुविधा

पटना: राजधानी पटना के बांस घाट पर बने अत्याधुनिक और हाईटेक श्मशान घाट का संचालन गुरुवार से शुरू हो गया। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा विकसित इस आधुनिक मोक्षधाम में अब लोगों को अंतिम संस्कार के दौरान बेहतर और सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसे शहर के सबसे आधुनिक अंत्येष्टि केंद्रों में शामिल किया जा रहा है।

गंगा तट पर विकसित इस विशाल परिसर में एक साथ करीब 18 अंत्येष्टि करने की व्यवस्था की गई है। इसमें चार अत्याधुनिक विद्युत शवदाह गृह, छह लकड़ी आधारित शवदाह स्थल और आठ पारंपरिक अंत्येष्टि स्थल बनाए गए हैं। इससे अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और पूरी प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकेगी।

श्मशान घाट के संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी ईशा आउटरीच संस्था को सौंपी गई है। यहां अंत्येष्टि के लिए दान एवं सहयोग राशि 3,500 रुपये निर्धारित की गई है। हालांकि, पारंपरिक तरीके से लकड़ी के माध्यम से दाह संस्कार कराने वाले परिवारों को लकड़ी और अन्य सामग्री के लिए अलग से भुगतान करना होगा।

Ad.
Ad.

 

हाईटेक मोक्षधाम में अंतिम संस्कार के अलावा श्रद्धांजलि और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए भी विशेष सुविधाएं विकसित की गई हैं। परिसर में प्रार्थना स्थल, विशाल प्रतीक्षालय, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग क्षेत्र समेत अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसका उद्देश्य शोकाकुल परिवारों को कठिन समय में बेहतर और सम्मानजनक वातावरण प्रदान करना है।

मोक्ष द्वार के समीप अंत्येष्टि में उपयोग होने वाली सभी आवश्यक सामग्रियां एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई हैं। यहां कपड़ा, राम नाम पट्टी, धोती, साड़ी, घी, चंदन की लकड़ी, देवदार, अगरबत्ती, कपूर, गुलाब जल, पंचमेवा, हवन सामग्री, जौ, चूना, माचिस सहित लगभग 45 प्रकार की सामग्री उपलब्ध रहेगी। इससे परिजनों को अलग-अलग स्थानों पर भटकने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

पटना स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत विकसित यह हाईटेक श्मशान घाट आधुनिकता और परंपरा का संगम माना जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि इससे राजधानीवासियों को सम्मानजनक, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक अंत्येष्टि सेवा उपलब्ध होगी। बांस घाट पर शुरू हुई यह नई व्यवस्था शहर की नागरिक सुविधाओं में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने का काम करेगी।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल