राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित मुसल्लहपुर इलाके में प्रसिद्ध खान ग्लोबल कोचिंग सेंटर के पिछले हिस्से में शुक्रवार को अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पावर सर्किट में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारियां निकलीं, जिसके बाद आग भड़क उठी। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग लगते ही कोचिंग सेंटर के सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर मौजूद अग्निशमन उपकरणों (फायर एक्सटिंग्विशर) का इस्तेमाल किया और समय रहते आग पर काबू पा लिया। कर्मचारियों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के कारण आग को फैलने से रोक दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही आग पूरी तरह बुझाई जा चुकी थी। इसके बाद अग्निशमन विभाग ने पूरे परिसर का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया कि कहीं आग का कोई खतरा शेष न हो।

एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए बंद कर दी गई थी। सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पावर सर्किट की मरम्मत कर सुरक्षा जांच पूरी की। स्थिति सामान्य होने के बाद विद्युत आपूर्ति दोबारा बहाल कर दी गई।
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
@MUSKAN KUMARI





