पटना। राजधानी पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र से शनिवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने एक घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की और जमकर तोड़फोड़ की। घटना चिरैयाटांड़ स्थित तारकेश्वर पथ की बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवार ने पुलिस से न्याय की मांग की है।
पीड़ित बिल्डर संजय सिंह के अनुसार, वह निजी कार्य से गया गए हुए थे। इसी दौरान सुबह के समय कुछ लोग उनके घर में घुस आए और उनकी पत्नी तथा बेटी के साथ मारपीट करते हुए घर के सामानों को नुकसान पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह तत्काल पटना पहुंचे और कंकड़बाग थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया।
संजय सिंह का आरोप है कि उनकी पत्नी के नाम पर खरीदी गई चिरैयाटांड़ स्थित जमीन और मकान पर कुछ दबंगों की नजर है। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले भी कथित तौर पर उनके भाई के मकान पर अवैध कब्जा किया जा चुका है और अब उनकी संपत्ति को निशाना बनाया जा रहा है।

सूचना मिलने के बाद कंकड़बाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष की ओर से मारपीट, तोड़फोड़ और सुरक्षा की मांग को लेकर लिखित शिकायत दी गई है। वहीं, दूसरे पक्ष के लोग भी अपनी बात रखने के लिए थाने पहुंचे। दोनों पक्षों के आवेदन मिलने के बाद पुलिस जमीन से जुड़े दस्तावेजों और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
@MUSKAN KUMARI





