बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात की। दोनों नेताओं की यह मुलाकात पटना स्थित नीतीश कुमार के आवास पर हुई। नीतीश कुमार एक दिन पहले ही संसद के मानसून सत्र में शामिल होने के बाद दिल्ली से पटना लौटे थे।
पटना पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उनसे मिलने उनके आवास पहुंचे। मुलाकात की जानकारी खुद सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने लिखा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आज शिष्टाचार मुलाकात हुई। इस दौरान जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा भी मौजूद रहे।
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब बिहार में NDA के भीतर सबकुछ ठीक होने को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक चर्चाएं तेज थीं। दो दिन पहले ही सम्राट चौधरी ने बिहार सरकार में शामिल भाजपा कोटे के मंत्रियों के साथ बैठक की थी। इसके बाद गठबंधन में संभावित मतभेदों को लेकर कई तरह की अटकलें लगने लगी थीं।

हालांकि, भाजपा और जदयू दोनों ने इन अटकलों को खारिज करते हुए गठबंधन में सबकुछ सामान्य होने की बात कही थी। दोनों दलों के नेताओं ने स्पष्ट किया था कि NDA में किसी तरह की परेशानी नहीं है।
अब नीतीश कुमार के पटना लौटने के तुरंत बाद सम्राट चौधरी का उनके आवास पहुंचना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इस मुलाकात ने बिहार के सियासी गलियारों में चर्चाओं को फिर तेज कर दिया है।
@MUSKAN KUMARI






