BJP में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, यूपी की कमान विनोद तावड़े को; पंजाब-गुजरात में भी नए प्रभारी

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए नए राज्य प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए। पार्टी ने उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े को प्रभारी के तौर पर सौंपी है, जबकि जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी बनाया गया है।

यूपी में विनोद तावड़े और जगदीश पटेल

विनोद तावड़े वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हैं। वह इससे पहले हरियाणा और बिहार के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अब पार्टी ने उन्हें उत्तर प्रदेश जैसे अहम राज्य का संगठनात्मक प्रभार सौंपा है।

वहीं, गुजरात के भाजपा नेता जगदीश ईश्वरभाई पटेल को यूपी का सह-प्रभारी बनाया गया है। पटेल अमराईवाड़ी विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं और अहमदाबाद शहर भाजपा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। अगस्त 2026 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया था।

पंजाब की जिम्मेदारी सतीश पूनिया को

भाजपा ने राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके डॉ. सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया है। पूनिया को संगठन का लंबा अनुभव है। 2024 में उन्हें हरियाणा का प्रभारी बनाया गया था और हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने पार्टी की संगठनात्मक जिम्मेदारी संभाली थी।

गुजरात की कमान तरुण चुग को

गुजरात का प्रभारी भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद तरुण चुग को बनाया गया है। चुग इससे पहले तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के प्रभारी रह चुके हैं। राज्यों में संगठन को मजबूत करने के उनके अनुभव को देखते हुए पार्टी ने अब उन्हें गुजरात की जिम्मेदारी सौंपी है।

भाजपा के मुताबिक, ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। अन्य राज्यों के प्रभारियों की नियुक्ति समयानुसार की जाएगी और तब तक मौजूदा व्यवस्था जारी रहेगी। तीन महत्वपूर्ण राज्यों में हुए इस फेरबदल को पार्टी की आगामी संगठनात्मक और चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Ad.
Ad.

 

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल