पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की हालिया बैठकों को बेहद सफल बताते हुए कहा कि राज्य परिषद और राष्ट्रीय परिषद की बैठक में लिए गए फैसलों का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया है। उन्होंने बताया कि उमेश कुशवाहा को पुनः प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार निर्विरोध पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए हैं।
विजय चौधरी ने कहा कि यह पार्टी के लिए सकारात्मक और उत्साहवर्धक खबर है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय परिषद की बैठक को स्वयं नीतीश कुमार ने संबोधित किया और अब वे संगठन को अधिक समय देकर जदयू को जमीनी स्तर पर और मजबूत करेंगे। उनके अनुसार, पार्टी के सदस्यों की संख्या एक करोड़ के पार पहुंच चुकी है और इस फैसले से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
आरा एनकाउंटर पर सरकार गंभीर
उपमुख्यमंत्री ने आरा में हुए कथित पुलिस एनकाउंटर को लेकर उठ रहे सवालों पर कहा कि इस घटना को लेकर लोगों के मन में कई तरह के संशय हैं और सरकार उन्हें दूर करने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं।

न्यायिक जांच के लिए तय होगी समय सीमा
विजय चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूरे मामले की न्यायिक जांच के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि न्यायिक जांच से अधिक पारदर्शी प्रक्रिया कोई नहीं हो सकती और इस जांच को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए एक निश्चित समय सीमा भी तय की जाएगी, ताकि सच्चाई जल्द सामने आ सके।
दोषी अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मामले में प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए तीन पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी भी अधिकारी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कितना भी बड़ा पदाधिकारी क्यों न हो। उन्होंने लोगों से सरकार पर भरोसा रखने की अपील करते हुए कहा कि न्यायिक जांच के बाद पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।
@MUSKAN KUMARI





