नवादा: जिले में मांझी समाज के लोगों पर कथित शोषण और अत्याचार के विरोध में सोमवार को जागृति मंच के नेतृत्व में व्यापक आक्रोश मार्च निकाला गया। बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने शहर की प्रमुख सड़कों पर मार्च निकालते हुए पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
आक्रोश मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नगर थाना के समीप पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने एक दिवसीय धरना दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की गई।

धरने को संबोधित करते हुए जागृति मंच के संचालक कपिल देव मांझी ने आरोप लगाया कि जिले में दलित समाज के लोगों के साथ लगातार अत्याचार की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में भी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवारों में आक्रोश है।
उन्होंने एससी-एसटी थाना की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि न्याय की गुहार लेकर पहुंचने वाले पीड़ित परिवारों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया जाता है। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को सुरक्षा देने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस-प्रशासन ने जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान अशोक मांझी सहित समाज के कई प्रमुख लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
@MUSKAN KUMARI





