बिहार के नवादा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कादिरगंज थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर अपने ही छह वर्षीय बेटे की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी सुधीर कुमार और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। परिजनों के मुताबिक, आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था और इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। पत्नी के काम करने और आर्थिक रूप से सक्रिय होने को लेकर भी दोनों के बीच तनाव बताया जा रहा है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

बताया जाता है कि सोमवार को छह वर्षीय आजाद कुमार घर में खाना खा रहा था। इसी दौरान उसके पिता ने उसे गोद में उठाया और कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को उसकी मां तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतक आजाद परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही कादिरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही, स्थानीय लोगों और परिजनों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
@MUSKAN KUMARI





