झारखंड के रामगढ़ जिले में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा राजरप्पा थाना क्षेत्र के बरलोंग बुधबाजार इलाके में हुआ, जहां कोयला लदे तेज रफ्तार ट्रक ने बैंड पार्टी को लेकर जा रही एक वैन को जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा आधी रात के करीब हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल ने रामगढ़ सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की।
रामगढ़ के एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि हादसे में कुल सात लोगों की मौत हुई है और एक व्यक्ति घायल है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल में आठ लोगों को लाया गया था, जिनमें सात को मृत घोषित किया गया। घायल का इलाज रांची में जारी है।
प्रशासन के अनुसार, मृतक मरांगमरचा और बलसागरा गांव के निवासी थे। सभी लोग एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बैंड पार्टी के साथ वैन से जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रामगढ़-बोकारो मार्ग को जाम कर दिया। उनका आरोप था कि प्रशासन की लापरवाही के कारण पिछले तीन दिनों में इस इलाके में सड़क दुर्घटनाओं में 11 लोगों की जान जा चुकी है। बाद में पुलिस के समझाने पर प्रदर्शन समाप्त हुआ और सड़क से जाम हटा दिया गया।
@MUSKAN KUMARI





