कटिहार जिले के प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से शुरू हुई दो पुल परियोजनाएं वर्षों बाद भी अधूरी पड़ी हैं। समय पर निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से हजारों ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चुनाव के दौरान निर्माण कार्य में तेजी दिखाई जाती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही काम धीमा पड़ जाता है।
प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र के मादानशाही स्थित घोघरा नदी पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शुरू किया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि यह परियोजना वर्ष 2025 तक पूरी होनी थी, लेकिन तय समय सीमा बीतने के बाद भी पुल अधूरा है। इसके कारण लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की अतिरिक्त बर्बादी होती है।
वहीं, प्राणपुर के बिसारे गांव में भी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से वर्ष 2021 में पुल निर्माण शुरू हुआ था। इस पुल का उद्देश्य प्राणपुर और मनिहारी विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ना था और इसे 2022 तक पूरा किया जाना था। हालांकि, वर्षों बाद भी यह परियोजना अधूरी है। ग्रामीणों का कहना है कि सबसे अधिक परेशानी छात्रों, किसानों, मरीजों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को हो रही है।

कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि ग्रामीण कार्य विभाग (RWD) की सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों पुलों की प्रगति की विशेष समीक्षा कराई जाएगी। यदि निर्माण एजेंसी लापरवाही करती पाई गई तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर नया टेंडर जारी कर निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा।
@MUSKAN KUMARI






