पटना: बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के तहत पटना नगर पूर्वी क्षेत्र की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए गठित विशेष टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से 70 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब 21 लाख रुपये है। सिटी एसपी पूर्वी शैलजा के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीकी सर्विलांस और अन्य संसाधनों की मदद से मोबाइल फोन को ट्रैक किया।

विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन बरामद कर लिए। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी मोबाइल फोन के तकनीकी विवरण और संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया।

सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें उनके मोबाइल फोन सौंप दिए। लंबे समय से अपने गुम हुए फोन की तलाश कर रहे लोगों के लिए मोबाइल वापस मिलना खुशी का मौका बन गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ‘ऑपरेशन मुस्कान’ का उद्देश्य आम लोगों के गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को तकनीक की मदद से खोजकर उनके वास्तविक मालिकों तक सुरक्षित पहुंचाना है। पटना पुलिस ने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
@MUSKAN KUMARI





