आरा: भोजपुर जिले के आरा शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित मछुआ टोली मोहल्ले में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मछुआ टोली निवासी मेघनाथ की पुत्री संजना के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है, जबकि स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार, युवती का शव घर के अंदर संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों के बीच प्रेम-प्रसंग और मानसिक तनाव से जुड़े कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं, हालांकि इन दावों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। परिवार के सदस्यों, दोस्तों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।
@MUSKAN KUMARI





