बिहार के आरा में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब नवादा थाना क्षेत्र के पावरगंज स्थित पूर्वी ओवरब्रिज अंडरपास के पास झाड़ियों से एक महिला बेहोशी की हालत में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भाकपा-माले के पूर्व विधायक मनोज मंजिल के सहयोग से महिला को तुरंत आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जांच में महिला की पहचान पटना के गोला रोड निवासी 32 वर्षीय शिवानी सिंह के रूप में हुई। उनके पति सुमित रंजन एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। हालांकि महिला के पास मिले आधार कार्ड पर पंजाब के लुधियाना जिले की पुलिस कॉलोनी का पता दर्ज होने से मामला और रहस्यमय हो गया है। पुलिस ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी है।
महिला के पर्स से सिंदूर, चावल और अन्य निजी सामान बरामद हुआ, लेकिन उसका मोबाइल फोन गायब मिला। मोबाइल नहीं मिलने से पुलिस को किसी आपराधिक वारदात या साजिश की आशंका भी है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
भाकपा-माले के पूर्व विधायक मनोज मंजिल ने निष्पक्ष और गंभीर जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि महिला के होश में आने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
@MUSKAN KUMARI






