आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों में घिरे लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता अरविंद चौधरी पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को EOU की टीम ने राज्य के चार जिलों में स्थित उनके छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
कार्रवाई के तहत बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के पिपराडीह स्थित उनके पैतृक आवास पर भी घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान टीम ने घर के कोने-कोने की तलाशी लेते हुए बैंक खातों, निवेश, जमीन-जायदाद और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच की।

यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में दर्ज केस के तहत की गई है। हालांकि, छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ और कितनी संपत्ति का पता चला है, इसे लेकर EOU ने फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही बरामदगी और संपत्तियों का पूरा ब्योरा सार्वजनिक किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि दस्तावेजों की गहन जांच के बाद मामले में आगे और बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
@MUSKAN KUMARI






