Greater Noida Crime: सलारपुर गांव में ईंट से सिर कुचलकर युवक की हत्या, अपराध छोड़ने की नसीहत देना पड़ा भारी!
ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश: ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के सलारपुर गांव में शनिवार रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवक के सिर पर ईंट से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मृतक आरोपी को अपराध छोड़ने की नसीहत देता था। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया।
मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने के आरोप के बाद स्पोर्ट्स सिटी चौकी इंचार्ज दरोगा सौरभ सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
रास्ते में घात लगाकर किया हमला
मृतक के भाई धर्मपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके छोटे भाई वीरेंद्र उर्फ वीरू गांव के सोविन्द्र कसाना उर्फ हल्लू को अपराध छोड़ने के लिए समझाते थे। आरोप है कि सोविन्द्र का पहले भी गांव के लोगों के साथ विवाद हो चुका था। इस संबंध में पुलिस से शिकायत भी की गई थी, लेकिन परिजनों का आरोप है कि समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सिर पर ईंट से किए कई वार
धर्मपाल के मुताबिक, शनिवार रात करीब 9 बजे वीरेंद्र घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे सोविन्द्र ने उन पर ईंट से हमला कर दिया।
शोर सुनकर धर्मपाल अपने दूसरे भाई तेजपाल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि हमलावर ने वीरेंद्र के सिर पर ईंट से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर
घटना के बाद पुलिस विभाग में भी कार्रवाई हुई है। मामले में लापरवाही के आरोपों के चलते स्पोर्ट्स सिटी चौकी इंचार्ज दरोगा सौरभ सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
इस घटना के बाद सलारपुर गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है। परिजन आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
एशियन टाइम्स | ग्रेटर नोएडा
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)





