अनंत सिंह की बेटी की शादी में भगदड़ जैसी स्थिति, शिक्षक अरविंद सिंह की मौत; 4 घंटे बाद परिवार को मिली खबर
बेगूसराय/पटना: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे बेगूसराय निवासी एक शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अरविंद कुमार सिंह (65) के रूप में हुई है। वह बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।
मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर को शादी समारोह के दौरान अरविंद सिंह पंडाल में अपने दोस्तों के साथ मौजूद थे। इसी दौरान भीड़ में उनकी मौत हो गई। उनके बेटे प्रियव्रत (21) ने बताया कि घटना के समय उन्हें इसकी जानकारी नहीं मिल सकी।
चार घंटे बाद सोशल मीडिया रील से हुई पहचान
मृतक के बेटे प्रियव्रत ने बताया कि घटना के समय वह भीड़ में दोस्तों के साथ थे। उन्हें पिता की मौत की जानकारी नहीं मिल सकी। करीब चार घंटे बाद सोशल मीडिया पर वीडियो देखने के बाद परिवार को घटना का पता चला। इसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां अरविंद सिंह का शव डीप फ्रीजर में रखा था।
अरविंद सिंह पेशे से शिक्षक थे और ट्यूशन पढ़ाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके निधन से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
अनंत सिंह के बेटे पहुंचे पीड़ित परिवार से मिलने
घटना के बाद विधायक अनंत सिंह के दोनों बेटे अभिषेक कुमार और अंकित कुमार बेगूसराय के रहुआ गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)






