आरा: हल्दी समारोह में डांस देखने को लेकर दो गुटों में मारपीट, युवक को मारी गोली; CCTV में कैद हुई वारदात
आरा (भोजपुर): बिहार के भोजपुर जिले के आरा में हल्दी समारोह के दौरान डांस देखने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और गोलीबारी में बदल गया। इस घटना में 22 वर्षीय युवक राधे श्याम कुमार गोली लगने से घायल हो गया। गोली उसके बाएं पैर के पंजे में लगी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात हल्दी समारोह में डांस देखने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। इसके बाद दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे चले। इसी दौरान मारपीट से बचकर भाग रहे एक युवक ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी।
इसके बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को उसके दोस्तों ने पहले सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया। परिजन उसे महावीर टोला स्थित प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां ऑपरेशन कर गोली निकाली गई। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
CCTV फुटेज आया सामने
इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में समारोह स्थल पर दो गुटों के बीच मारपीट और एक युवक द्वारा पिस्टल निकालकर गोली चलाने की घटना दिखाई देने की बात सामने आई है।
घटना नगर थाना क्षेत्र के बेगमपुर मोहल्ले की बताई गई है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और गोली चलाने वाले की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)






