खगड़िया में पुलिस एनकाउंटर: 7 मर्डर के आरोपी मिथिलेश महतो को लगी गोली, ट्रिपल मर्डर के चश्मदीद की हत्या की रच रहा था साजिश
खगड़िया, बिहार: बिहार के खगड़िया में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई है। इस दौरान पुलिस ने कुख्यात अपराधी मिथिलेश महतो को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली उसके पैर में लगी है। घायल अवस्था में उसे पुलिस की सुरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिथिलेश महतो सात हत्याओं के मामलों में आरोपी बताया जा रहा है। वह एक लाख रुपये का इनामी अपराधी है।
चश्मदीद 10 वर्षीय बच्ची की हत्या की साजिश
पुलिस के मुताबिक, मिथिलेश महतो चौथम थाना कांड संख्या 181/26 के तिहरे हत्याकांड में फरार चल रहा था। इस मामले की इकलौती चश्मदीद गवाह 10 वर्षीय बच्ची की हत्या की साजिश रचने की सूचना पुलिस को मिली थी।
बताया गया कि 28 नवंबर को मिली सूचना के बाद खगड़िया एसपी शैलेन्द्र सिंह ने बच्ची की सुरक्षा बढ़ाने और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की थी।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
29 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि मिथिलेश खरैता दियारा के बसुलवा बहियार स्थित एक बगीचे में मौजूद है। इसके बाद एसओजी, एसटीएफ, डीआईयू और चौथम थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार, घिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पिस्टल, देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)






