बिहार में CM सम्राट चौधरी की बड़ी बैठक, सभी 38 जिलों के DM-SP को सख्त निर्देश

पटना: बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री सचिवालय के ‘संवाद’ सभागार में 28 और 29 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय प्रशासनिक समीक्षा सम्मेलन में राज्य के सभी 38 जिलों के जिलाधिकारी (DM), पुलिस अधीक्षक (SP), वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी की यह पहली बड़ी दो दिवसीय मैराथन समीक्षा बैठक है। बिहार विधानमंडल के शीतकालीन सत्र से पहले आयोजित इस बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, प्रशासनिक जवाबदेही और विकास योजनाओं की समीक्षा की जा रही है।

अपराध, भ्रष्टाचार और लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि दो दिवसीय प्रशासनिक समीक्षा सम्मेलन के पहले दिन विभागीय पदाधिकारियों, जिलाधिकारियों और वरीय पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ प्रशासनिक और विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई।

उन्होंने अपराध, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलों में अपराध हुआ तो पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही

बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के एसपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से अपराध नियंत्रण की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट ली। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई, पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने पुलिस गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने और रात्रि गश्ती की GPS के माध्यम से निगरानी करने का निर्देश दिया। फरार अपराधियों की लगातार ट्रैकिंग कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को भी कहा।

भूमि विवाद और जन शिकायतों पर भी निर्देश

मुख्यमंत्री ने भूमि विवादों के समाधान के लिए अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की नियमित बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही सोशल मीडिया पर मिलने वाली जन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को महीने में कम से कम दो बार प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जनता तक सही और तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाने का भी निर्देश दिया।

दूसरे दिन विकास योजनाओं की होगी समीक्षा

दो दिवसीय बैठक के दूसरे दिन 29 नवंबर को विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं और सरकारी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसमें सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्योग, जल संसाधन और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों पर चर्चा होगी।

अब इस बैठक के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों का जिलों में कितना प्रभावी तरीके से पालन होता है और कानून-व्यवस्था में क्या बदलाव देखने को मिलता है।

ASIAN TIMES | पटना

Noida Desk
Author: Noida Desk

मुख्य संपादक (Editor in Chief)

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल