हाईकोर्ट ने दोनों नियुक्तियों को निरस्त करते हुए विधानसभा अध्यक्ष को 10 दिनों के भीतर नए सिरे से फैसला लेने का निर्देश दिया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) में राजनीतिक मतभेद सामने आए थे। पार्टी के भीतर दो गुटों के बीच नेता प्रतिपक्ष के पद को लेकर विवाद शुरू हो गया।
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले TMC गुट ने वरिष्ठ विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष बनाने की मांग की थी। वहीं, पार्टी से अलग हुए ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने भी इस पद पर अपना दावा पेश किया था।
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस ने 3 जून को ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष और अखरुज्जमां को मुख्य सचेतक नियुक्त कर दिया था।
शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने दी थी चुनौती
विधानसभा अध्यक्ष के इस फैसले को TMC नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने कलकत्ता हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। याचिका पर सुनवाई के बाद शुक्रवार को अदालत ने दोनों नियुक्तियों को रद्द कर दिया।
अदालत ने विधानसभा अध्यक्ष को निर्देश दिया है कि आदेश की प्रति मिलने के 10 दिनों के भीतर कानूनी प्रावधानों के अनुसार दोनों नियुक्तियों पर नए सिरे से विचार कर कारण सहित फैसला सुनाएं।
इस फैसले से पश्चिम बंगाल में TMC के बागी गुट को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। हालांकि, हाईकोर्ट ने खुद किसी दूसरे नेता को नेता प्रतिपक्ष घोषित नहीं किया है। अब सबकी नजर विधानसभा अध्यक्ष के अगले फैसले पर है।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)






