‘जिनके लिए शहनाई नहीं बजी, उनसे और क्या उम्मीद करें?’ बिस्मिल्लाह खान के नाम पर अखिलेश यादव ने भाजपा को घेरा, किया बड़ा ऐलान
लखनऊ/वाराणसी: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारत रत्न से सम्मानित महान शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की विरासत को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसकी विचारधारा से जुड़े लोग कला एवं कलाकारों के प्रति संकीर्ण सोच रखते हैं।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए तंज कसकर लिखा, ‘जिनके लिए शहनाई नहीं बजी, उनसे और क्या उम्मीद करना?’
भाजपा पर लगाया कला और कलाकारों के विरोध का आरोप
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि भाजपा और उसके संकीर्ण सोच वाले सहयोगी हमेशा कला और कलाकारों के खिलाफ रहते हैं। उनके मुताबिक, रचनात्मक लोग समाज में बदलाव लाने की भूमिका निभाते हैं। सकारात्मक कला समाज में सहृदयता और सहनशीलता को बढ़ावा देती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कला के विभिन्न रूपों को राजनीतिक एजेंडे के रास्ते में बाधा के रूप में देखा जाता है।
सरकार बनने पर बनाएंगे ‘श्रवण-संग्रहालय’
इस पूरे मामले में अखिलेश यादव ने एक बड़ा वादा भी किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की सांगीतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए विशेष रूप से ‘श्रवण-संग्रहालय’ बनाया जाएगा।
उनका कहना है कि भारत रत्न से सम्मानित महान कलाकार की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना देश के सम्मान से जुड़ा विषय है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, वाराणसी में उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के पैतृक मकान के एक हिस्से को गिराए जाने का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आया। अखिलेश यादव ने इस वीडियो को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए।
हालांकि, वाराणसी नगर निगम ने सरकारी बुलडोजर से मकान गिराए जाने के आरोपों को खारिज किया है। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, भवन जर्जर होने के कारण परिवार के सदस्य स्वयं इसका पुनर्विकास करा रहे हैं।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, परिवार की ओर से भी मकान के प्रथम तल पर संग्रहालय बनाने की योजना बताई गई है।
इस मामले ने अब सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और राजनीतिक जवाबदेही को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
ASIAN TIMES | खबर वही, जो सवाल उठाए।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)






