सुपौल जिले के किशनपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित नेशनल अल्ट्रासाउंड सेंटर पर प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान बिना किसी योग्य डॉक्टर या रेडियोलॉजिस्ट के एक तकनीशियन द्वारा मरीजों का अल्ट्रासाउंड किए जाने का मामला सामने आया।
किशनपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और एसडीएम मनोहर कुमार साहू समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन के निर्देश पर अल्ट्रासाउंड सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, संबंधित तकनीशियन और संस्थान संचालक के खिलाफ भी नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि मरीजों की सेहत और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध और मानकविहीन जांच केंद्रों के खिलाफ निगरानी और अभियान आगे भी जारी रहेगा।
@MUSKAN KUMARI





