गयाजी: 6 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (ATC) के तहत एनसीसी कैडेटों के लिए विशेष फायरिंग अभ्यास सत्र आयोजित किया गया। लॉन्ग रेंज पर पहुंचे कैडेटों ने अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास के साथ अपने निशानेबाजी कौशल का प्रदर्शन किया।
इस दौरान कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार (कीर्ति चक्र) स्वयं फायरिंग रेंज पर मौजूद रहे। उन्होंने कैडेटों का उत्साह बढ़ाया और फायरिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, एकाग्रता बनाए रखने तथा अनुशासन में रहने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए।


व्यक्तित्व निर्माण में सहायक है फायरिंग प्रशिक्षण
कैडेटों को संबोधित करते हुए कर्नल पंकज कुमार ने कहा कि फायरिंग प्रशिक्षण केवल निशानेबाजी सीखने तक सीमित नहीं है। यह कैडेटों के भीतर धैर्य, आत्मविश्वास और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की क्षमता विकसित करने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रशिक्षण के दौरान विकसित होने वाले ये गुण उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में सहायक होते हैं।

उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को भविष्य में राष्ट्र सेवा के लिए तैयार करते हैं।
शिविर में शामिल कैडेट कमांडिंग ऑफिसर के मार्गदर्शन से उत्साहित नजर आए और उन्होंने प्रशिक्षण को अपने लिए बेहद उपयोगी बताया।
@MUSKAN KUMARI




