गया: बिहार के गया जिले के कोंच प्रखंड स्थित बिजहरा गांव में मंगलवार देर रात कुदरत का कहर देखने को मिला। करीब 11 बजे प्राचीन सूर्य मंदिर के गुंबद पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने की तेज आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में मंदिर के गुंबद का एक हिस्सा टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि मंदिर में बसेरा कर रहे दर्जनों कबूतरों की मौत हो गई। बुधवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर स्तब्ध रह गए। मंदिर परिसर में कई मृत कबूतर पड़े मिले और गुंबद का क्षतिग्रस्त हिस्सा हादसे की भयावहता बयां कर रहा था।
ग्रामीणों के अनुसार, यह सूर्य मंदिर काफी पुराना है और लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। ऐसे में मंदिर को हुए नुकसान के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल निरीक्षण कराने और इसके जीर्णोद्धार व संरक्षण के लिए सरकारी सहायता देने की मांग की है।

इधर, लगातार हो रही बारिश ने बिजहरा गांव की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। गांव के समीप स्थित बड़ा तालाब लबालब भर गया है, जिससे आसपास जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। खेतों में पानी भरने से किसानों को धान की फसल को नुकसान पहुंचने की चिंता सताने लगी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए प्राचीन सूर्य मंदिर की मरम्मत और संरक्षण सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि गांव की इस धार्मिक धरोहर को सुरक्षित रखा जा सके।
@MUSKAN KUMARI





