नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC-NET परीक्षा के 84 विषयों के परिणाम घोषित कर दिए हैं। परीक्षा में शामिल 6.07 लाख अभ्यर्थियों में से 97 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने PhD में दाखिले के लिए पात्रता हासिल की है, जबकि 4 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए क्वालिफाई किया है।
UGC-NET परीक्षा का आयोजन देश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए उम्मीदवारों की पात्रता निर्धारित करने के उद्देश्य से किया जाता है।

हालांकि, NTA ने अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है। जून में आयोजित परीक्षा के प्रश्नपत्रों में गड़बड़ियों की शिकायतों के बाद विशेषज्ञ समिति ने समीक्षा की थी, जिसमें तथ्यात्मक, टाइपिंग, अनुवाद और भाषा से जुड़ी त्रुटियां सामने आईं।
NTA ने करीब दो महीने बाद 16 अगस्त को आंसर की जारी की थी। इसी दौरान इन तीन विषयों के प्रश्नपत्रों को लेकर विशेष नोटिस जारी किया गया और बाद में री-एग्जाम कराने की घोषणा की गई।

अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की दोबारा परीक्षा 9 और 10 सितंबर को आयोजित की जाएगी। री-एग्जाम में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा।
बाकी 84 विषयों के अभ्यर्थी अब अपने परिणाम और संबंधित जानकारी NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
@MUSKAN KUMARI





