चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर गया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत जिले के अलग-अलग थाना और ओपी क्षेत्रों से कुल 85 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 34 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।
मोबाइल वापस मिलने के बाद उनके वास्तविक धारकों के चेहरों पर खुशी लौट आई। गया के वरीय पुलिस अधीक्षक ने बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंपे। लंबे समय से अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगाए लोगों के लिए पुलिस की यह कार्रवाई बड़ी राहत लेकर आई।

गया पुलिस के मुताबिक, जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए सभी थानों में टेक्निकल टीमों का गठन किया गया।
टेक्निकल टीम ने मोबाइल फोन की तलाश के लिए CEIR पोर्टल की मदद ली। इस तकनीकी व्यवस्था के जरिए चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रैक किया गया। मोबाइल के दोबारा नेटवर्क पर सक्रिय होने के बाद लोकेशन और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।

लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के बाद अलग-अलग स्थानों से कुल 85 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत करीब 34.75 लाख रुपये है।
आज के समय में मोबाइल सिर्फ बातचीत का साधन नहीं, बल्कि बैंकिंग, जरूरी दस्तावेजों, कारोबार और निजी जानकारी से भी जुड़ा महत्वपूर्ण उपकरण है। ऐसे में मोबाइल वापस मिलने से लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ निजी डेटा की सुरक्षा को लेकर भी बड़ी राहत मिली।
गया पुलिस ने कहा है कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में थाने में शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ मोबाइल की जानकारी CEIR पोर्टल पर भी दर्ज कराएं, ताकि डिवाइस को ट्रैक करने और बरामद करने में मदद मिल सके।
@MUSKAN KUMARI





