पटना: रक्षाबंधन के मौके पर बिहार सरकार ने महिला सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए ‘पुलिस दीदी’ यानी अभया ब्रिगेड को 4,700 स्कूटी और मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके लिए सरकार ने कुल 66.75 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इनमें 1,500 स्कूटी और 3,200 मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
बिहार के DGP विनय कुमार ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा बिहार पुलिस की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक है। उन्होंने बताया कि बिहार पुलिस में करीब 40 हजार महिला पुलिसकर्मी योगदान दे चुकी हैं, जिन्हें प्रशिक्षण के बाद विभिन्न जिलों में तैनात किया गया है। अब दोपहिया वाहन मिलने से महिला सुरक्षा से जुड़े इलाकों में प्रभावी और तेज पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाएगी।

DGP के अनुसार, स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय परिसरों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। छात्राओं के स्कूल और कॉलेज पहुंचने तथा छुट्टी के समय महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती होगी। इसके अलावा अन्य समय में भी आसपास के इलाकों में लगातार गश्त की जाएगी।

करीब 4,700 स्कूटी और मोटरसाइकिलें विभिन्न जिलों के लिए रवाना की जा रही हैं। स्थानीय जरूरत के अनुसार महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और गली-मोहल्लों में महिला पुलिस पेट्रोलिंग को बढ़ाना है।
खासकर संकरे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में, जहां बड़े पुलिस वाहन आसानी से नहीं पहुंच पाते, वहां महिला पुलिसकर्मी स्कूटी और बाइक के जरिए तेजी से पहुंच सकेंगी। DGP ने कहा कि ‘पुलिस दीदी’ अभया ब्रिगेड महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित माहौल देने तथा किसी भी घटना की स्थिति में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
@MUSKAN KUMARI





