पटना: वर्ष 2025 के मोकामा विधानसभा चुनाव के दौरान हुई दुलारचंद यादव हत्या की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आरोपों का सामना कर रहे बाढ़-1 के तत्कालीन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) राकेश कुमार को विभागीय जांच में दोषमुक्त कर दिया गया है। बिहार सरकार के गृह विभाग ने 25 अगस्त 2026 को आदेश जारी कर उनके खिलाफ चल रही अनुशासनिक कार्रवाई समाप्त कर दी। राकेश कुमार वर्तमान में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-4, डुमरांव के समादेष्टा के पद पर तैनात हैं।
मोकामा विधानसभा चुनाव के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में कथित लापरवाही को लेकर राकेश कुमार पर आरोप लगाए गए थे। उन पर चुनाव के दौरान जिला बल और केंद्रीय सशस्त्र बलों के उचित इस्तेमाल में कमी तथा आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद अनुमति से अधिक वाहनों के इस्तेमाल को नहीं रोक पाने के आरोप थे।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विभागीय जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस मुख्यालय ने पाया कि 30 अक्टूबर 2025 की घटना से संबंधित प्राथमिकी भदौर थाना में दर्ज थी और घटनास्थल भी बाढ़-1 SDPO के कार्यक्षेत्र के अधीन नहीं था। पुलिस मुख्यालय ने यह भी माना कि राकेश कुमार ने आदर्श आचार संहिता लागू कराने और केंद्रीय बलों के इस्तेमाल को लेकर आवश्यक कार्रवाई की थी।
विभागीय समीक्षा में उनकी प्रत्यक्ष लापरवाही प्रथम दृष्टया स्पष्ट नहीं पाई गई। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी ने उन्हें सभी आरोपों से मुक्त करते हुए अनुशासनिक कार्रवाई समाप्त करने का आदेश दिया।

गौरतलब है कि दुलारचंद यादव हत्याकांड में जदयू नेता अनंत सिंह पर गंभीर आरोप लगे थे और मामले में उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी। हालांकि बाद में विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह ने बड़ी जीत हासिल की।
@MUSKAN KUMARI






