नालंदा जिले के सिलाव प्रखंड अंतर्गत भुई रोड स्थित सिकंदरा गांव के एसए इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में मंगलवार को छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। सत्र 2023-27 और 2024-28 के करीब 120 छात्र संस्थान की बदहाल व्यवस्था और कथित अवैध वसूली के विरोध में आंदोलन पर उतर आए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज निदेशक, प्रखंड विकास पदाधिकारी और स्थानीय थानाध्यक्ष की मौजूदगी में छात्रों के साथ वार्ता की गई। कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्रों की मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने नियमित शुल्क के अलावा परीक्षा में ‘सेंटर मैनेज’ करने के नाम पर प्रति छात्र डेढ़ से दो लाख रुपये की कथित अवैध वसूली की थी। छात्रों का कहना है कि परीक्षा में सेंटर मैनेज नहीं हो सका और बड़ी संख्या में छात्र अनुत्तीर्ण हो गए, जिसके बाद उनका आक्रोश बढ़ गया।
छात्रों ने आरोप लगाया कि संस्थान में शैक्षणिक और बुनियादी सुविधाओं का भी गंभीर अभाव है। उनकी प्रमुख मांगों में कथित तौर पर ली गई अतिरिक्त राशि वापस करना, योग्य फैकल्टी द्वारा नियमित पढ़ाई, गुणवत्तापूर्ण क्लिनिकल और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग तथा सुचारू बस सेवा उपलब्ध कराना शामिल है।

छात्रों का कहना है कि भारी-भरकम फीस देने के बावजूद उन्हें जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। इससे पहले भी पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में वार्ता हुई थी, लेकिन छात्रों के अनुसार कोई ठोस समाधान नहीं निकलने पर उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
मामले को लेकर बीडीओ और थानाध्यक्ष की मध्यस्थता में कॉलेज परिसर में बैठक आयोजित की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों की समस्याएं सुनीं और संस्थान प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने छात्रों की जायज मांगों का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
वहीं, कॉलेज के निदेशक ने ‘सेंटर मैनेज’ करने के नाम पर रुपये लेने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें गलत और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुविधाओं से जुड़ी जायज मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
@MUSKAN KUMARI





