औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र से RJD सांसद अभय कुशवाहा की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें तमिलनाडु के मदुरै स्थित Velammal Hospital में भर्ती कराया गया है। सांसद ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा की है।
अभय कुशवाहा के अनुसार, चिकित्सकीय जांच में पेट में गंभीर अल्सर के कारण आंतरिक रक्तस्राव की पुष्टि हुई है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
उन्होंने बताया कि 19 अगस्त को पटना में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद वह संसद की ऊर्जा संबंधी स्थायी समिति की बैठक के लिए हैदराबाद गए थे। इसके बाद समिति के कार्यक्रम के सिलसिले में वह मदुरै पहुंचे। लगातार अस्वस्थ महसूस करने के बावजूद व्यस्त कार्यक्रम के कारण वह अपनी सेहत पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाए।
सांसद के मुताबिक, 21 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे अचानक उनकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें आपात स्थिति में मदुरै के Velammal Hospital में भर्ती कराया गया, जहां जांच के दौरान गंभीर अल्सर और आंतरिक रक्तस्राव की जानकारी सामने आई।
उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलने के बाद राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए ईश्वर से प्रार्थना की कि औरंगाबाद सांसद जल्द स्वस्थ होकर अस्पताल से घर लौटें।
अभय कुशवाहा की तबीयत खराब होने की खबर सामने आने के बाद समर्थकों और राजनीतिक नेताओं की ओर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामनाएं की जा रही हैं।
@MUSKAN KUMARI





