जिले के चांदपुरा थाना क्षेत्र में बाढ़ के पानी में करंट फैलने से एक 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना आजमपुर पंचायत के खड़गपुर की बताई जा रही है। मृतक की पहचान गुलशन ठाकुर, पिता रामबाबू ठाकुर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि गुलशन ठाकुर अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर लाने के लिए बाढ़ के पानी से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान बिजली के पोल के पास पानी में फैले करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजन आनन-फानन में गुलशन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महनार लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं इलाके में शोक का माहौल है।

हादसे के बाद मृतक के पिता और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में बिजली के तार और पोल पानी के संपर्क में आने से हादसे का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद समय रहते बिजली आपूर्ति बंद करने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में लापरवाही बरती गई।
ग्रामीणों ने मामले की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही बाढ़ प्रभावित इलाकों में बिजली के पोल और तारों की तत्काल जांच कराकर सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
फिलहाल घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। प्रशासन और बिजली विभाग की ओर से मामले की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।
@MUSKAN KUMARI





