पटना एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, एअर इंडिया की फ्लाइट बर्ड हिट का शिकार

राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आई है, जहां सोमवार सुबह पटना एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से 164 यात्रियों को लेकर पटना आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 बर्ड हिट का शिकार हो गई।

जानकारी के मुताबिक, रनवे के पास पहुंचते ही विमान के दाहिने टरबाइन से पक्षी के टकराने की आशंका जताई गई। इसके तुरंत बाद पटना एयरपोर्ट पर इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से विमान को सुबह 7:43 बजे सुरक्षित लैंड करा लिया गया।

घटना की आशंका के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और अन्य सुरक्षा सेवाओं को अलर्ट पर रखा था। लैंडिंग के बाद हुई विस्तृत जांच में बर्ड हिट की पुष्टि हुई, लेकिन राहत की बात यह रही कि विमान के इंजन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था। इसके बाद यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने राहत की सांस ली।

जरूरी तकनीकी जांच और सुरक्षा क्लीयरेंस के बाद विमान को दिल्ली लौटने की मंजूरी दे दी गई। जांच प्रक्रिया के कारण दिल्ली जाने वाली वापसी फ्लाइट AI 1852 अपने निर्धारित समय सुबह 8:45 बजे के बजाय 79 मिनट की देरी से सुबह 10:09 बजे 160 यात्रियों को लेकर रवाना हुई।

Ad.
Ad.

 

गौरतलब है कि पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हाल के दिनों में बर्ड हिट की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले 17 अगस्त को भी दिल्ली से पटना आ रही एअर इंडिया की एक फ्लाइट पक्षी से टकरा गई थी, जिसके बाद विमान को गंभीर नुकसान के कारण दो दिनों तक ग्राउंडेड रखना पड़ा था।

लगातार हो रही बर्ड हिट की घटनाओं ने पटना एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों की मौजूदगी और उड़ान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने एयरपोर्ट के आसपास खुले में कचरा फेंकने वाले स्रोतों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे संभावित हादसों को रोका जा सके।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल