भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र में गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच बांध कटने की घटना से हड़कंप मच गया है। राघोपुर बहत्रा के समीप महादेवपुर घाट के पास देर रात करीब ढाई बजे लगभग 60 मीटर बांध के कटने की सूचना सामने आई।
घटना की जानकारी मिलते ही जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण पहले से ही बांध पर पानी का भारी दबाव बना हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
कटाव को आगे बढ़ने से रोकने के लिए विभाग की ओर से सैंडबैग, एनसी बैग, बॉम्बे रोल, झाड़ी और अन्य आवश्यक सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे अलर्ट पर रहते हुए कटाव स्थल की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

विभाग की प्राथमिकता फिलहाल कटाव को आगे बढ़ने से रोकना और कमजोर हो चुके बांध को सुरक्षित करना है। अधिकारियों का कहना है कि पानी के दबाव और कटाव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय लोगों के बीच बांध कटने की खबर के बाद बेचैनी का माहौल है। हालांकि जल संसाधन विभाग की सक्रियता और मौके पर चल रहे बचाव कार्य से लोगों को फिलहाल कुछ राहत मिली है। आने वाले घंटों में गंगा के जलस्तर और कटाव की स्थिति पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी रहेगी।
@MUSKAN KUMARI






