गोपालगंज में फिलहाल बाढ़ का खतरा टल गया है। गंडक नदी का जलस्तर अब सामान्य स्थिति में लौट आया है और निचले इलाकों में जमा पानी भी निकल चुका है। जिला प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय अफवाहों से बचने की अपील की है।
जिलाधिकारी समीर सौरभ के मुताबिक, कुछ दिन पहले नेपाल में हुई भारी बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा था। इसके बाद वाल्मीकिनगर बैराज से करीब दो लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिससे गोपालगंज के कुछ निचले इलाकों में पानी पहुंच गया था।
हालांकि अब नदी का जलस्तर घट गया है और प्रभावित इलाकों से भी पानी निकल चुका है। प्रशासन के अनुसार, फिलहाल जिले में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है।

डीएम ने बताया कि गोपालगंज के तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं और करीब साढ़े छह लाख क्यूसेक तक पानी का दबाव झेलने की क्षमता रखते हैं। मौजूदा जलस्तर को देखते हुए किसी तरह की चिंता की स्थिति नहीं है।
इसके बावजूद प्रशासन सतर्क है। जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन की टीमें लगातार तटबंधों और संवेदनशील इलाकों की निगरानी कर रही हैं। संभावित कटाव वाले क्षेत्रों में एंटी-इरोशन और प्रोटेक्शन वर्क भी जारी है।
प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया या स्थानीय स्तर पर फैल रही बाढ़ से जुड़ी अपुष्ट खबरों पर भरोसा नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जलस्तर में दोबारा बढ़ोतरी या किसी क्षेत्र में खतरा पैदा होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल गंडक का जलस्तर सामान्य, तटबंध सुरक्षित और निचले इलाकों से पानी निकल चुका है। ऐसे में गोपालगंज में इस समय बाढ़ का खतरा नहीं, बल्कि प्रशासन की सतर्क निगरानी जारी है।
@MUSKAN KUMARI





