बिहार के विद्यार्थियों की शैक्षणिक और छात्रावास से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार ने सोमवार को नई पहल शुरू की। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के जेडी वूमेंस कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ का शुभारंभ किया।
इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए विद्यार्थी अपनी पढ़ाई, परीक्षा, नामांकन, प्रमाणपत्र, प्रशासनिक व्यवस्था और छात्रावास से जुड़ी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। छात्रों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही प्लेटफॉर्म पर अपनी समस्या और सुझाव दर्ज कराने की सुविधा मिलेगी।

सरकारी और निजी संस्थानों के छात्र कर सकेंगे शिकायत
पोर्टल का दायरा सरकारी संस्थानों के साथ निजी शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों तक भी रखा गया है। शिकायतों को संबंधित विभाग या अधिकारी तक पहुंचाने और उनके समाधान की प्रक्रिया को डिजिटल तरीके से ट्रैक करने की कोशिश की जाएगी।
सरकार के मुताबिक, पोर्टल विद्यार्थियों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का माध्यम भी बनेगा। शिकायतों का डिजिटल रिकॉर्ड होने से बार-बार सामने आने वाली समस्याओं की पहचान कर नीतिगत सुधार करने में भी मदद मिल सकती है।
30 दिनों में शिकायत निपटाने का दावा
‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ की अहम विशेषता शिकायतों के समयबद्ध समाधान से जुड़ी है। जानकारी के मुताबिक, शिकायत दर्ज होने के 30 दिनों के भीतर उसका निपटारा करने और आवेदक को इसकी सूचना देने की व्यवस्था की गई है।
ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने में किसी तरह की परेशानी होने पर विद्यार्थी 1100 नंबर पर संपर्क कर मदद ले सकेंगे। हालांकि पोर्टल की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि शिकायतों पर कितनी तेजी से कार्रवाई होती है और विद्यार्थियों को समाधान की जानकारी कितनी पारदर्शिता से मिलती है।
@MUSKAN KUMARI





