बांकीपुर से नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर ने सोमवार को बिहार विधानसभा में विधायक पद की शपथ लेकर अपनी सियासी पारी का औपचारिक आगाज कर दिया। शपथ के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने सदन की गरिमा और अपने राजनीतिक आदर्शों का जिक्र किया।
प्रशांत किशोर ने कहा कि श्रीकृष्ण बाबू, केदार पांडे, नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव, सुशील कुमार मोदी और रामविलास पासवान जैसे दिग्गज नेता इस सदन के सदस्य रह चुके हैं। ऐसे नेताओं के बाद उसी सदन का सदस्य बनना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि वे इन नेताओं के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनता के लिए काम करने की कोशिश करेंगे।

लखीसराय हादसे पर बोले- पूरी जानकारी के बाद बोलूंगा
लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में हुए दर्दनाक हादसे पर प्रशांत किशोर ने कहा कि वह कुछ ही देर में घटनास्थल के लिए रवाना हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले पूरी घटना की जानकारी लेंगे और इसके बाद ही विस्तार से अपनी बात रखेंगे।
उन्होंने कहा कि हादसे में किसकी गलती है, यह तथ्यों और पूरी जानकारी के बाद ही तय किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री की चुप्पी को लेकर सवाल पूछे जाने पर PK ने कहा कि मुख्यमंत्री को बोलना चाहिए।
डस्टबिन मामले पर भी प्रशांत किशोर ने तत्काल टिप्पणी करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी मीडिया के जरिए मिली है और वह पहले पूरे मामले के तथ्यों को समझेंगे।
विधानसभा में शपथ के साथ प्रशांत किशोर के राजनीतिक सफर का नया अध्याय शुरू हो गया है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि बांकीपुर से विधायक बने PK सदन में जनता के मुद्दों को किस तरह उठाते हैं और सरकार को किन सवालों पर घेरते हैं।
@MUSKAN KUMARI






