पटना में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों का गुस्सा अब सड़क पर नजर आने लगा है। जक्कनपुर इलाके में बाइक चोरी की वारदातों से परेशान स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि शिकायत और एफआईआर दर्ज होने के बावजूद चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक जक्कनपुर और आसपास के इलाकों में बाइक चोर सक्रिय हैं और घर, कार्यालय व सार्वजनिक स्थानों के बाहर खड़ी गाड़ियों को निशाना बना रहे हैं। लगातार हो रही चोरी से लोगों में डर और नाराजगी बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

वहीं, मीठापुर स्थित बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय के सामने Jio ऑफिस के कर्मचारियों ने भी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि कैंपस से लगातार बाइक चोरी हो रही है। इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के अलावा वेतन बढ़ोतरी की मांग भी उठाई। साथ ही, वेतन से काटे जाने वाले PF की राशि के रिकॉर्ड को लेकर भी सवाल खड़े किए। प्रदर्शनकारियों ने मामले में पारदर्शिता और स्पष्ट जवाब की मांग की है।
पटना में एक ओर बाइक चोरी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है, तो दूसरी ओर कर्मचारी सुरक्षा, वेतन और PF से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस और संबंधित प्रबंधन इन शिकायतों पर क्या कार्रवाई करते हैं।
@MUSKAN KUMARI






