लखीसराय के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में अब तक 8 महिलाओं की मौत की सूचना है, जबकि करीब 15 श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया है।
हादसे के बाद मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। अब तक चार मृतकों की पहचान हुई है। इनमें हलसी निवासी 55 वर्षीय हेमलता देवी और ललिता देवी, मुंगेर निवासी 50 वर्षीय रिंकू देवी और बड़हिया निवासी 44 वर्षीय मनमाला देवी शामिल हैं। मनमाला देवी बड़हिया नगर क्षेत्र के इन्द टोला, वार्ड संख्या 12 की रहने वाली थीं।

बताया जा रहा है कि ट्रेन से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बाद मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर भारी भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान लाइन के पास बिजली का पोल गिरने की बात सामने आई। पोल गिरने के बाद करंट फैलने की अफवाह से श्रद्धालुओं में अचानक अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ शुरू हो गई।
रास्ते के दोनों ओर खेत और गड्ढे होने तथा बांस की बैरिकेडिंग टूटने से स्थिति और बिगड़ गई। भीड़ के दबाव में कई श्रद्धालु गिर गए और कुछ लोगों के दबने की सूचना है।
प्रशासन और अस्पताल स्तर पर मृतकों की पहचान की जा रही है। चार अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
@MUSKAN KUMARI






