बिहार के औरंगाबाद में बुधवार देर रात सवारियों से भरी एक बस भीषण हादसे का शिकार हो गई। वाराणसी से झारखंड के रास्ते पटना जा रही हंसराज ट्रैवल की बस रात करीब 1 बजे ओवरब्रिज पार करने के बाद अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में करीब 20 यात्री घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि बस बुधवार शाम वाराणसी से पटना के लिए रवाना हुई थी। औरंगाबाद शहर में ओवरब्रिज उतरते ही बस पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।
सूचना मिलने पर नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में महाराणा सिंह, सीमा कुमारी, बबलू कुमार, सत्य कुमार, बेलमती देवी, विजय तिवारी, मुर्तुजा अंसारी और बस चालक बबलू पांडेय समेत अन्य यात्री शामिल हैं।

प्राथमिक उपचार के बाद चालक समेत तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमुहार मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सदर एसडीओ गौरव सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
वहीं, हादसे के कारणों को लेकर एक ट्रक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आशंका है कि ट्रक से टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर दुर्घटना की जांच कर रही है।
@MUSKAN KUMARI





