पूर्णिया में 13 अगस्त को अमर बाल शहीद ध्रुव कुंड की शहादत को श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया गया। भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान महज 13 वर्ष की उम्र में ध्रुव कुंड ने ब्रिटिश पुलिस की गोलियों का सामना करते हुए देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे।
13 अगस्त 1942 को हुई उनकी शहादत की स्मृति में पूर्णिया के ध्रुव उद्यान पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया और अमर बाल शहीद के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

शहीद की स्मृति में निर्मित ध्रुव उद्यान पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लोगों ने उनकी वीरता और बलिदान को याद किया। वहीं, स्थानीय लोगों ने चिंता जताई कि नई पीढ़ी धीरे-धीरे ध्रुव कुंड के ऐतिहासिक बलिदान को भूलती जा रही है।
श्रद्धांजलि आयोजन समिति के सदस्य शौर्य राय ने मांग की कि ध्रुव उद्यान पार्क में बाल शहीद ध्रुव कुंड की भव्य प्रतिमा, स्मारिका या स्थायी जानकारी पट्ट स्थापित किया जाए। उनका कहना है कि इससे पार्क में आने वाले युवाओं और नई पीढ़ी को ध्रुव कुंड के जीवन, संघर्ष और देशभक्ति की जानकारी मिल सकेगी और उनका बलिदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
@MUSKAN KUMARI






